अबू धाबी से मुंबई जा रही विस्तारा (Vistara) की एक फ्लाइट में हाईवोल्टेज ड्रामे का मामला सामने आया है। फ्लाइट में इटली की एक शराबी महिला यात्री ने विस्तारा केबिन क्रू के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं महिला ने फ्लाइट में कपड़े भी उतार दिए और अर्ध-नग्न अवस्था में घूमने लगी। आरोप है कि अबू धाबी से मुंबई आ रही विस्तारा की फ्लाइट में सवार 45 वर्षीय ‘शराबी’ इतालवी महिला ने कथित तौर पर एक केबिन क्रू मेंबर को घूंसा मारा, जबकि दूसरे पर थूक दिया। मुंबई पुलिस ने महिला को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
विस्तारा केबिन क्रू मेंबर द्वारा दायर शिकायत के अनुसार, सोमवार 30 जनवरी को भारतीय समयानुसार अबू धाबी से 2:03 बजे उड़ान भरने के तुरंत बाद यह घटना हुई। यह घटना उस समय हुई जब फ्लाइट नंबर UK 256 अबू धाबी से मुंबई आ रही थी। विदेशी महिला यात्री को क्रू मेंबर के साथ मारपीट करने के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, महिला यात्री को कुछ देर बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया है। महिला को 25 हजार रुपये का जुर्माना भरने पर जमानत पर रिहा कर दिया गया। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, महिला मूल रूप से इटली की रहने वाली है। उसका नाम पाओला पेरुशियो (Paola Perruccio) है। महिला काफी नशे में थी।
ऐसे शुरू हुआ विवाद
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला यात्री पर आरोप है कि उसने अबू धाबी से मुंबई जाने वाली विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट (UK 256) में केबिन क्रू के एक मेंबर को मुक्का मारी, जबकि दूसरे क्रू मेंबर पर थूक दी। एयरलाइन कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज करने वाली सहार पुलिस ने कहा कि महिला यात्री का नाम पाओला पेरुशियो है, जो नशे में पूरी तरह से धुत थी।
यात्रा के दौरान लगभग 2.30 बजे इकोनॉमी क्लास में बैठी महिला अचानक अपने सीट से उठकर बिजनेस क्लास की सीट पर जाकर बैठ गई। जब विस्तारा के क्रू मेंबर्स ने आपत्ति जताई तो उसने एक महिला क्रू मेंबर के मुंह पर कथित तौर पर मुक्का मार दिया। वहीं, जब दूसरी क्रू मेंबर ने महिला को रोकने की कोशिश की तो उसपर उसने थूक दिया। इतना ही नहीं कुछ देर बाद वह अपने कपड़े उतारकर फ्लाइट में घूमने लगी। केबिन क्रू की शिकायत पर सहार पुलिस ने सोमवार तड़के फ्लाइट के मुंबई में लैंड करने के बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का बयान
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सहार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “लगभग 2.30 बजे महिला (जो कि इकोनॉमी क्लास में बैठी थी) अचानक उठी और बिजनेस क्लास में जाकर बैठ गई। केबिन क्रू के दो मेंबर्स ने उससे संपर्क किया और पूछा कि क्या आपको मदद की जरूरत है? जब यात्री ने कोई जवाब नहीं दिया, तो उन्होंने उससे अपनी निर्धारित सीट पर लौटने का अनुरोध किया। इस पर उसने उन पर चिल्लाना शुरू कर दिया और आक्रामक इशारे करने लगी, जिससे चालक दल को संदेह हुआ कि वह उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही है।”
जब चालक दल के सदस्यों ने महिला को दुर्व्यवहार करने से रोकने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर उनमें से एक के चेहरे पर मुक्का मारा और दूसरे पर थूक दिया। जब अन्य चालक दल के मेंबर्स अपने सहयोगियों की मदद के लिए दौड़े, तो महिला ने कपड़े उतारना शुरू कर दिया। अधिकारी ने आगे बताया कि कुछ देर बाद महिला कपड़ों के बिना फ्लाइट में चलने लगी। शराबी महिला को वश करने के लिए एयरलाइन कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कैप्टन के निर्देश पर केबिन क्रू ने उसे कपड़े पहनाए और उसे फ्लाइट के एक पिछले सीट से बांध दिया। जब वह सुबह करीब 5 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी तो उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने महिला का पासपोर्ट जब्त कर लिया और उसे अंधेरी कोर्ट में पेश करने के बाद मामले में चार्जशीट भी दायर किया। फिलहाल, उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
Join our Facebook Group or follow us on social media by clicking on the icons below
If you find value in our work, you may choose to donate to Voice For Men Foundation via Milaap OR via UPI: voiceformenindia@hdfcbank (80G tax exemption applicable)













