केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने रविवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) त्रिपुरा में कॉलेज जाने वाली हर लड़की को मुफ्त स्कूटी देगी। बता दें कि राज्य में 16 फरवरी को 60 सीटों पर विधानसभा चुनाव होंगे। सिपाहीजाला जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि अगर त्रिपुरा में सत्ता में आए तो हम कॉलेज जाने वाली हर लड़की को मुफ्त में एक स्कूटी देंगे। वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि चुनाव से पहले ही कम्युनिस्टों ने हार मान ली है, क्योंकि उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा त्रिपुरा के विकास के लिए काम कर रहे हैं। शाह ने कहा, “जबकि कम्युनिस्ट, कांग्रेस और टिपरा मोथा राज्य में ‘जंगल राज’ वापस लाना चाहते हैं।” इससे पहले दिन में अमित शाह ने त्रिपुरा के चांदीपुर में एक रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने चुनावी राज्य में कांग्रेस-वाम गठबंधन पर निशाना साधा।
गृह मंत्री ने कहा, “कांग्रेस के साथ गठबंधन करके CPI(M) ने साबित कर दिया कि वे चुनाव हारने जा रहे हैं। वे अकेले BJP का सामना नहीं कर सकते। कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए, उन्होंने CPI(M) के साथ गठबंधन किया, जिसने उनके कई सदस्यों को मार डाला। उन्होंने भी टिपरा मोधा को मोहरा बना दिया।”
शाह ने कहा कि कांग्रेस और CPI(M) ने त्रिपुरा के लिए कुछ नहीं किया। बीजेपी के शासन में त्रिपुरा में विकास हुआ। हमने सभी के विकास के लिए काम किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और CPI(M) ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया और अब आदिवासियों के लिए वोट पाने के लिए उन्होंने एक आदिवासी सीएम चेहरे को चुना है।
गृह मंत्री ने कहा कि त्रिपुरा में कांग्रेस और वामपंथी सरकारों के दौरान कई घोटाले हुए, जबकि बीजेपी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है। कांग्रेस और वाम दलों पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में वामपंथियों का कोई नामोनिशान नहीं बचा है, जबकि देश में कांग्रेस का भी कुछ ऐसा ही हश्र हुआ है। बता दें कि पूर्वोत्तर राज्य की 60 विधानसभा सीटों के लिए 16 फरवरी को मतदान होना है।
Join our Facebook Group or follow us on social media by clicking on the icons below
If you find value in our work, you may choose to donate to Voice For Men Foundation via Milaap OR via UPI: voiceformenindia@hdfcbank (80G tax exemption applicable)