बिहार कैडर के सीनियर IPS अधिकारी और होमगार्ड एवं फायर सर्विसेज के IG विकास वैभव ने होमगार्ड एवं अग्निशमन सेवाओं विभाग की DG शोभा ओहटकर के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने हाल ही में एक ट्वीट कर यह आरोप लगाया, जो काफी वायरल हो रहा है। ट्वीट में उन्होंने आरोप लगाया है कि शोभा ओहटकर उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रही थीं। अधिकारी ने दावा किया कि इसकी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है।
क्या है पूरा मामला?
सीनियर IPS अधिकारी विकास वैभव ने यह ट्वीट बुधवार 8 फरवरी को देर रात 1:43 बजे पर किया। अधिकारी के इस ट्वीट के बाद बिहार की प्रशासनिक महकमा, राजनैतिक महकमे में खलबली मच गई। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया।
अधिकारी ने अपने ट्वीट में लिखा, “मुझे IG होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज का दायित्व दिनांक 18 अक्टूबर 2022 को दिया गया था और तब से सभी नव दायित्वों के निर्वहन हेतु हर संभव प्रयास कर रहा हूं। प्रतिदिन तब से अनावश्यक DG मैडम के मुख से गालियां ही सुन रहा हूं। परंतु यात्री मन आज वास्तव में द्रवित है।”
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, IG ने इस पूरे मामले की रिकॉर्ड में होने की भी बात कही है। बिहार होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज की DG शोभा ओहटकर हैं। वह बिहार की DGP बनने की रेस में थीं, लेकिन अंतिम वक्त पर आरएस भट्टी बिहार डीजीपी बन गए थे।
हालांकि, विकास वैभव ने ट्वीट करने के तुरंत बाद इसे डिलीट कर दिया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर वरिष्ठ IAS और IPS अधिकारियों द्वारा अपने जूनियर्स के खिलाफ इस्तेमाल की जा रही अपमानजनक भाषा को सुर्खियों में ला दिया है। विकास वैभव 2003 बैच के IPS अधिकारी हैं। IIT कानपुर से पास आउट होने के बाद वो सिविल सेवा में आए।
कुछ दिन पहले ही बिहार के मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव केके पाठक का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह विभागीय मीटिंग में डिप्टी कलेक्टर को गालियां देते नजर आए थे। पाठक इस वीडियो में बिहार के लोगों के बारे में भी भला-बुरा बोल रहे थे। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जांच के आदेश दिए थे।

Join our Facebook Group or follow us on social media by clicking on the icons below
If you find value in our work, you may choose to donate to Voice For Men Foundation via Milaap OR via UPI: voiceformenindia@hdfcbank (80G tax exemption applicable)













